जालोर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़, विवादित बयान पर कांग्रेसियों ने किया विरोध, सभापति समेत 8 डिटेन
जालोर. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ रविवार शाम को जालौर मुख्यालय पर पहुंचे। मदन राठौड़ के पहुंचने की भनक लगते ही जालौर के कांग्रेसियों ने उन्हें पिछले दिनों पाकिस्तान से जुड़े दिए गए एक बयान को लेकर काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने जालौर के नगर परिषद सभापति बंसीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली, कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुमावत समेत पार्षदों को कांग्रेसियों को डिटेन किया है।
विज्ञापन
दरअसल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ जालौर शहर के पोलजी नगर स्थित भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा के यहां पर चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक के सिलसिले में पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लगते ही कार्यकर्ता भी पोलजी नगर में इकट्ठे हो गए। और कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। साथ ही मदन राठौड़ के विरुद्ध नारेबाजी की। कांग्रेसियों का कहना था कि बीते दिनों मदन राठौड़ की ओर से पाकिस्तान से कथित प्रेम जताने पर विरोध किया गया। इस पर पुलिस उप अधीक्षक गौतम जैन, कोतवाल रामेश्वर भाटी समेत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली, प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुम्पावत, पार्षद सुरेश मेघवाल, बसन्त सुथार, लक्ष्मणसिंह सांखला, जालमसिंह, दिलीप सुंदेशा समेत 8 जनों को डिटेन किया। उसके बाद मदन राठौड़ मूल रूप से रास्ता बदलकर रतनपुरा रोड होते हुए पाली के लिए रवाना हो गए। नगर परिषद के सभापति को डिटेन करने की सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में कांग्रेसी कोतवाली के बाहर एकत्रित हो गए और तत्काल प्रभाव से सभापति समेत अन्य कांग्रेसियों को रिहा करने की मांग करने लगे।