एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
जालोर. जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने जिले में संचालित HPV टीकाकरण अभियान की प्रगति को गति देते हुए आगामी 10 दिवस में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में गुरुवार को कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को प्रभावी अंतरविभागीय समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में HPV टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए जिले में यह अभियान 28 फरवरी 2026 से संचालित किया जा रहा है। जिले में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 45.66 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है, जो अपेक्षित प्रगति की तुलना में कम है। इसे देखते हुए आगामी 10 दिवस में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अंतरविभागीय समन्वय के साथ मिशन मोड में होगा कार्य
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अभियान को प्राथमिकता देते हुए अपने स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक अपने परिवार एवं संपर्क क्षेत्र में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को HPV टीकाकरण के महत्व की जानकारी देकर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
SDM एवं BDO करेंगे नियमित समीक्षा
जिला कलेक्टर डॉ प्रदीप के. गावंडे ने सभी उपखंड अधिकारी एवं विकास अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में HPV टीकाकरण अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा संबंधित ब्लॉक अधिकारियों के साथ BTFI बैठक आयोजित कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी विभाग HPV टीकाकरण को अपने विभागीय एजेंडे में शामिल करते हुए बैठकों, गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में इसे प्रमुखता से शामिल करेंगे।
पात्र बालिकाओं की पहचान एवं टीकाकरण पर जोर
उन्होंने अभियान के तहत पात्र बालिकाओं की पहचान कर उन्हें टीकाकरण सत्रों तक लाने तथा अभिभावकों को टीकाकरण के लाभ एवं महत्व की जानकारी देने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए टीकाकरण सत्रों में पात्र बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत , सीएमएचओ डॉ भैराराम जाणी, आरसीएचओ डॉ राजकुमार बाजिया, डीपीसी डॉ. भजनाराम विश्नोई, आईसीडीएस उप निदेशक अशोक विश्नोई, शिक्षा विभाग से डीईओ मनोहरलाल गोदारा, यूनिसेफ से डॉ. सुनील सोलंकी, JSI,WHO समेत अधिकारी - कार्मिक उपस्थित रहे