विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार की दी जानकारी
जालोर. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाकरा रोड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी देकर टीबी के प्रति जागरूक किया गया।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी देने का उद्देश्य उनमें जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे स्वयं के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी टीबी के प्रति जागरूक कर सकें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं नियमित उपचार से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. असीम परिहार ने बताया कि टीबी के संभावित लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को जांच में देरी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह या अधिक समय तक खांसी रहना, वजन कम होना, लगातार बुखार रहना, रात में पसीना आना एवं भूख कम लगना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीबी का पूरा और नियमित उपचार करवाने से मरीज स्वस्थ हो सकता है तथा संक्रमण के प्रसार को भी रोका जा सकता है।
ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर श्रवण कुमार ने विद्यार्थियों को टीबी रोग के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को टीबी के लक्षणों के प्रति सजग रहने तथा लक्षण पाए जाने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर समाज में जागरूकता फैलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।