जालोर में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी में महिला का सुरक्षित सामान्य प्रसव, प्रसूता ने 4 किलो 200 ग्राम वजन की बच्ची को दिया जन्म
- जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
जालोर. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र, जालौर में चिकित्सकीय टीम के प्रयासों से एक हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिला को विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रख कर सुरक्षित सामान्य प्रसव करवाया गया।
विज्ञापन
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश मीना ने बताया कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में समय पर पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी और उचित चिकित्सकीय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में प्रसव में जटिलता जैसी परिस्थितियों के बावजूद चिकित्सकीय टीम ने महिला की निरंतर निगरानी करते हुए सुरक्षित सामान्य प्रसव करवाया। उन्होंने जच्चा एवं बच्ची दोनों के स्वस्थ रहने तथा 48 घंटे बाद सकुशल छुट्टी होने पर पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।
4 किलो 200 ग्राम वजन की बच्ची को दिया जन्म
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण सुथार ने बताया कि गर्भवती महिला को 5 सितंबर को प्रसव पीड़ा के साथ केंद्र में भर्ती करवाया गया था। महिला का यह प्रथम प्रसव था। जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु का वजन सामान्य से अधिक था। इसके अलावा महिला के लीवर में सूजन भी पाई गई थी, जिसके चलते गर्भावस्था को हाई रिस्क मानते हुए प्रसव के दौरान विशेष सावधानी एवं निरंतर निगरानी रखी गई। चिकित्सकीय टीम द्वारा आवश्यक प्रबंधन एवं निगरानी के बाद महिला का सुरक्षित सामान्य प्रसव करवाया गया। महिला ने 4 किलो 200 ग्राम वजन की स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा एवं नवजात दोनों की स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक रही। दोनों को 48 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद सकुशल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
नर्सिंग स्टाफ का रहा महत्वपूर्ण सहयोग
डॉ. सुथार ने बताया कि प्रसव के दौरान नर्सिंग अधिकारी दिनेश कुमार, ललिता रामावत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। टीम द्वारा प्रसव से पूर्व, प्रसव के दौरान एवं प्रसव के बाद जच्चा एवं नवजात की आवश्यक देखभाल एवं निगरानी सुनिश्चित की गई।