ग्रामीण सेवा शिविर बना आमजन के लिए राहत का माध्यम, आयुष्मान भारत योजना से सांवल सिंह को मिला नया जीवन
जालोर. राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। शिविरों में राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा, कृषि, पशुपालन, विद्युत, जलदाय, परिवहन, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर रहे हैं।
विज्ञापन
शिविरों के माध्यम से पेंशन सत्यापन, नाम शुद्धिकरण, जमाबंदी एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, पशु बीमा, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, पट्टा प्रकरण, विभिन्न प्रमाण-पत्रों का वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

विज्ञापन
जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि शुक्रवार को जिले के जालोर उपखण्ड की जालोर, आहोर उपखण्ड की नोरवा तथा सांचोर उपखंड की हाडेतर ग्राम पंचायतों में आयोजित हुए ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया।
सोमवार को इन ग्राम पंचायतों में होगा शिविर का आयोजन
निर्धारित कार्यक्रमानुसार 17 अगस्त, सोमवार को आहोर उपखण्ड की बांकली, भीनमाल उपखंड की जेरण तथा सांचौर उपखंड की प्रतापपुरा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन
आयुष्मान भारत योजना से सांवल सिंह को मिला नया जीवन
सांचोर की ग्राम पंचायत हाडेतर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में स्थानीय निवासी सांवल सिंह का आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाया गया। लाभार्थी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड मिलने से अब गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के खर्च की चिंता कम हुई है। योजना के माध्यम से उन्हें व उनके परिवार को सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन