कंटीली झाड़ियों से मुक्त हुआ भाद्राजून का मुक्तिधाम, युवाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
कालूराम प्रजापत, भाद्राजून (जालोर). भाद्राजून ढाणी युवा मंडल की ओर से गुरुवार को क्षेत्र के मुक्तिधाम को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष श्रमदान अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गाँव के युवाओं ने मुक्तिधाम परिसर में उगी कंटीली झाड़ियों एवं अनावश्यक कांटों को हटाकर परिसर की साफ-सफाई की। साथ ही फलदार एवं छायादार वृक्षों के संरक्षण के लिए भी आवश्यक उपाय किए गए।
इस कार्य में गाँव के युवाओं के साथ बुजुर्गों एवं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सभी ने सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता, सहयोग एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।
विज्ञापन
गौरतलब है कि भाद्राजून का मुक्तिधाम आसपास के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहाँ भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, चारदीवारी, पक्षियों के लिए चुग्गा स्थल, मंदिर, बैठने के लिए बेंचें, पक्की सड़कें, ट्यूबवेल, पेयजल व्यवस्था एवं बैठक हॉल सहित अनेक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। हरियाली और वृक्षों से युक्त यह परिसर लंबे समय से ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक रहा है। युवा मंडल के इस अभियान से मुक्तिधाम परिसर को नया स्वरूप मिला। साथ ही युवाओं ने यह संदेश दिया कि सामूहिक श्रमदान केवल सफाई का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भावना और अपनी सार्वजनिक धरोहर के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी सशक्त माध्यम है। ग्रामीणों ने युवा मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की भावना व्यक्त की।
जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं एवं ग्रामीणों ने निभाई भागीदारी
इस अभियान में महामंडलेश्वर संतोष भारती महाराज, भाद्राजून सरपंच युवराज सिंह राठौड़, सहित छत्तीस कौम के नागरिकों एवं बुजुर्गों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान में रूपाराम दर्जी, नारायण सिंह खिंची, गिरधारीलाल मीणा, सेराराम चौधरी, संतोष दास, मगनाराम मीणा, राजाराम मीणा, पूर्व सरपंच उकाराम मेघवाल, श्याम सोनी,भीमा राम बाबकीया, बाबूलाल हरिजन, गीता देवी, कदणो देवी एवं प्यारी देवी सहित अनेक ग्रामीणों ने श्रमदान कर अपना योगदान दिया। इस अवसर पर सभी ने एकजुट होकर गाँव की सार्वजनिक धरोहरों के संरक्षण एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाने का संकल्प लिया। अभियान ने समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता की एक सुंदर मिसाल पेश की।