वीर शिरोमणि रूपाजी धाम किलवा में भव्य तुलसी विवाह महोत्सव सम्पन्न
- 888 वर्ष पूर्व रूपाजी द्वारा करवाए गए 1600 कन्याओं के विवाह से प्रेरणा लेकर हुए 16 तुलसी विवाह
सांचौर। वीर शिरोमणि रूपाजी धाम, किलवा में चार दिवसीय भव्य तुलसी विवाह महोत्सव एवं चातुर्मास पूर्णाहुति समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों एवं समाजबंधुओं की गरिमामय उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महोत्सव में साध्वी भगवती बाई (पीठाधीश्वर, श्री राजेश्वर भगवान अन्नपूर्णा आंजणी माता धाम पीठ, चेंडा) ने प्रवचन देते हुए कहा कि हमें गुरुदेव राजेश्वर भगवान के बताए मार्ग पर चलते हुए जीव कल्याण के कार्य करने चाहिए। साथ ही अपनी संतानों को संस्कार एवं संस्कृति से जोड़कर रखना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात कर सकें।
विज्ञापन
रतनगिरी महाराज (जीवाणा एवं किलवा मठाधीश) ने कहा कि वीर शिरोमणि रूपाजी आंजणा ने 888 वर्ष पूर्व गरीब परिवारों की 1600 कन्याओं का कन्यादान सहित विवाह करवाकर मानव सेवा एवं समाज कल्याण की अनुपम मिसाल कायम की थी। ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।
जालोर-सिरोही के पूर्व सांसद देवजी पटेल ने रूपाजी धाम की भावी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस पावन धाम को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। यहां महिला सशक्तिकरण के लिए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ समाज के सभी महापुरुषों को पहचान दिलाने एवं उनके ऐतिहासिक योगदान और ख्याति से नई पीढ़ी को रूबरू करवाने के कार्य रूपाजी धाम फाउंडेशन, किलवा के माध्यम से किए जाएंगे।
16 तुलसी विवाह का भव्य आयोजन, हजारों महिलाओं ने गाए मंगल गीत
वीर शिरोमणि रूपाजी द्वारा 888 वर्ष पूर्व करवाए गए 1600 कन्याओं के विवाह से प्रेरणा लेते हुए रूपाजी धाम किलवा में 16 तुलसी विवाहों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों से भगवान श्री शालिग्राम जी की बारातें लेकर पहुंचे बारातियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। यज्ञाचार्य पंडित पुरंदर विजयराम व्यास (राज जोशी) के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान श्री शालिग्राम जी एवं तुलसी माता का विवाह संपन्न करवाया गया।
विवाह समारोह में हजारों महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मंगल गीतों का गायन कर विवाह समारोह को पारंपरिक एवं भक्तिमय स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान पूरे धाम में भक्ति, उल्लास एवं धार्मिक उत्साह का वातावरण रहा।
रूपाजी के जीवन परिचय एवं ऐतिहासिक कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन
महोत्सव के दौरान संत-महात्माओं एवं समाजबंधुओं की पावन उपस्थिति में वीर शिरोमणि रूपाजी के जीवन परिचय एवं उनके ऐतिहासिक कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। साथ ही किलवा धाम में प्रस्तावित भव्य रूपाजी स्मारक की विस्तृत रूपरेखा एलईडी स्क्रीन पर 3D वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित की गई। श्रद्धालुओं ने स्मारक की परिकल्पना एवं धाम के भावी विकास की योजना को उत्साहपूर्वक देखा।
संत-महात्माओं एवं गणमान्य अतिथियों का रहा सानिध्य
महोत्सव में महंत नेमीनाथ महाराज दुगावा, महंत भरतनाथ महाराज कमालपुरा, महंत सुंदरपुरी महाराज माखुपुरा, महंत सुमन वल्लभ महाराज रेवदर, महंत भवानीगिरी महाराज खासरवी, महंत रतनपुरी महाराज गोलासन, महंत तोलाराम महाराज रानीवाड़ा, महंत डूंगरगिरी महाराज पांडु गुफा एवं साध्वी सीताबाई सांकड़ सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर बांसकांठा के पूर्व सांसद परबतभाई चौधरी, पूर्व विधायक थराद मावजीभाई, अखिल भारतीय आंजणा युवा महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष हितेशभाई कुशकल, मंगलाराम संगठन मंत्री सेवा भारती प्रान्त जोधपुर , सांचौर नगर पालिका अध्यक्ष पुरुषोत्तम जी दवे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।