सेवड़ी स्कूल में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष, विद्यार्थियों ने फोड़ी दही हांडी
- कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित हुआ दही हांडी कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया भाग
जालोर. जिले के सेवड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दही हांडी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में दही हांडी बांधी गई। विद्यार्थियों ने समूह बनाकर मानव पिरामिड तैयार किया और उत्साह के साथ दही हांडी फोड़ी। हांडी फूटते ही विद्यालय परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य हिंगलाजदान चारण ने कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, सत्य, प्रेम, सहयोग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति रुचि और संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता सोहनी कुमारी, वरिष्ठ अध्यापक पोल राम, शारीरिक शिक्षक भंवर लाल गौड़, अध्यापक पुखराज, पांचा राम, रामेश्वरी बिश्नोई, आशा राम, तारा राम, मोहन लाल, वचना राम, उर्मिला कुमारी, टीकमा राम सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।