भाजपा सरकार ने राजस्थान को तीन साल पीछे धकेल दिया - वैभव गहलोत
जालोर। पंचायत राज चुनाव-2026 की तैयारियों एवं आगामी चुनावी रणनीति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी जालोर की ओर से शनिवार को राजीव गांधी भवन जालोर में संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक वैभव गहलोत के मुख्य आतिथ्य, पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर के विशिष्ट आतिथ्य तथा जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति, पार्षदों एवं पार्षद प्रत्याशियों सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोत ने कहा कि राजस्थान में पिछले तीन वर्षों से भाजपा की सरकार सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है। इस सरकार ने राजस्थान को तीन साल पीछे धकेल दिया। भाजपा सरकार ने केवल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलने का काम किया है, जबकि आज भी प्रदेश के गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
गहलोत ने नगर परिषद चुनावों में जालोर की जनता द्वारा कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनावों में जनता ने कांग्रेस को जो समर्थन दिया है, उसे पंचायत राज चुनावों में भी बरकरार रखना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक कांग्रेस की नीतियों एवं भाजपा सरकार की विफलताओं को पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि पंचायत राज चुनावों में भी कांग्रेस को जीत दिलाकर जनहित में कार्य करने वाली सरकार बनाई जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों के दौरान भाजपा ने प्रशासन एवं सरकारी तंत्र का जमकर दुरुपयोग किया। इसके बावजूद राजस्थान के अनेक स्थानों पर कांग्रेस के बोर्ड बने हैं, जो जनता के कांग्रेस के प्रति विश्वास को दर्शाता है।
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने कहा कि पंचायत राज चुनावों में सफलता हासिल करने के लिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत से जुटना होगा। भाजपा सरकार की विफलताओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर ग्रामीण जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराना होगा।
उन्होंने कहा कि जालोर जिले में लंबे समय से पंचायत राज संस्थाओं में भाजपा का शासन रहने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सड़क, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बुलंद करनी होगी।
बैठक को सभापति बंशीलाल माली ने भी संबोधित किया
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत ने किया
बैठक में वैभव गहलोत, पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, नैन सिंह राजपुरोहित, सवाराम पटेल, सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, ऊंम सिंह राठौड़, लाल सिंह धानपुर, जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, रमेश सोलंकी, सुष्मिता गर्ग, मदनलाल दहिया, बसंत सुथार, शोभा सुन्देशा,लक्ष्मण साखला, नरेश राणा, हरीश परमार, भंवरलाल मेघवाल,अंदाज बानो,अमित पंडत, गोपेश कुमार, रिंकु देवी, खुशबू रामावत,नेनु देवी, मंगलाराम माली,लक्ष्मीकांत दवे, जोगाराम सरगरा, महेन्द्र सोनगरा, पुखराज माली,दिलीप माली सहित तमाम कांग्रेस जन उपस्थिति रहे।