जालोर जिला मुख्यालय पर जनमत से मिले बहुमत के बावजूद बिखर गई कांग्रेस!
- प्रधान के बाद उप प्रधान चुनाव में भी भाजपा हुई विजय
जालोर। पंचायतराज चुनाव में इस बार मिले जनमत से कांग्रेस खुश थी, लेकिन प्रधान व उपप्रधान चुनाव में जिला मुख्यालय पर इस उत्साह को कांग्रेस कायम नहीं रख पाई। जालोर पंचायत समिति के प्रधान व उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। जालोर जिले में 14 में से 13 पंचायत समितियों में जनता ने कांग्रेस को बहुमत दिया था, लेकिन प्रधान चुनाव में कांग्रेस 12 ही सुरक्षित रख पाई। जबकि उप प्रधान चुनाव में तो कांग्रेस की संख्या और भी घट गई।
विज्ञापन
उम्मेदाबाद में बहुमत के बावजूद भाजपा उप प्रधान बनाने में कामयाब हुई। वहीं जिला मुख्यालय की पंचायत समिति में तो उप प्रधान के चुनाव में बड़ा खेला हो गया। 23 में से कांग्रेस 13 सदस्य जीती हुई थी, लेकिन उप प्रधान के चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार सुशीला राजपुरोहित को केवल 7 मत ही मिले। 4 मत भाजपा को क्रोस गए, जबकि 1 मत नोटा व 1 मत खारिज हो गया। इस प्रकार से भाजपा की भंवर कंवर जालोर पंचायत समिति की 23 में से 14 मत लेकर उप प्रधान निर्वाचित हुईं।
उम्मेदाबाद में ओमपालसिंह बने उप प्रधान
उम्मेदाबाद पंचायत समिति की 15 में से 8 सीट कांग्रेस जीती थी। प्रधान चुनाव में कांग्रेस एकजुट रही, लेकिन उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस का एक वोट क्रोस हो गया। इससे भाजपा के ओमपालसिंह बालवाड़ा उप प्रधान बन गए। वहीं आहोर में कांग्रेस के सुरेश चौधरी, भाद्राजून में कांग्रेस के चन्दनसिंह कोराणा उप प्रधान बने। इसी प्रकार रानीवाड़ा में कांग्रेस के विकास कुमार, बागोड़ा में कांग्रेस के नगसिंह, जसवंतपुरा में कांग्रेस के मनोज कुमार, भीनमाल में कांग्रेस के रमेश कुमार, सरनाऊ में कांग्रेस के गोमाराम व सायला से कांग्रेस के हेमाराम भील उप प्रधान बने।
जालोर प्रधान व उपप्रधान ने अखाड़े में लिया आशीर्वाद
उप प्रधान भंवर कंवर
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित प्रधान दुर्गा कंवर व उप प्रधान भंवर कंवर ने अखाड़े में जाकर आशीर्वाद लिया। उसके बाद प्रधान जालोर स्थित अपने पीहर पहुंची और परिजनों से आशीर्वाद लिया।
जालोर के प्रथम जिला प्रमुख से पारिवारिक रिश्ता जालोर प्रधान का
जालोर पंचायत समिति से प्रधान निर्वाचित हुई दुर्गा कंवर का जालोर के प्रथम जिला प्रमुख से पारिवारिक रिश्ता है। जालोर के प्रथम जिला प्रमुख रहे मालमसिंह के सालाजी की पोती है दुर्गा कंवर। मालमसिंह जिला प्रमुख के बाद भीनमाल से विधायक भी रहे थे। दुर्गा कंवर की राजनीति यह दूसरी सीढ़ी है। वर्ष 2020 में दुर्गा कंवर देच्छु ग्राम पंचायत की सरपंच निर्वाचित हुई थीं।