जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम 3 लाख रुपये, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये तथा सरपंच पद के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये की खर्च की सीमा
जालोर . राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कार्यक्रम के अनुसार जालोर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव द्वितीय चरण, तृतीय एवं चतुर्थ चरण में सम्पन्न करवाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत ग्राम पंचायत के सरपंच एवं वार्ड पंच का निर्वाचन मतपेटी के माध्यम से तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति के सदस्यों का निर्वाचन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से करवाया जाएगा। मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज को प्रस्तुत करना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। सायं 6 बजे तक मतदान केन्द्र के अंदर पहुंच चुके मतदाताओं को पंक्तिबद्ध कर मतदान करवाया जाएगा। निर्वाचन कार्य के सफल संचालन के लिए कार्मिकों का नियोजन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया के पर्यवेक्षण के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा नियंत्रण कक्ष की स्थापना सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के लिए चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत जिला परिषद सदस्य के लिए अधिकतम 3 लाख रुपये, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये तथा सरपंच पद के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये की चुनाव खर्च सीमा निर्धारित है।
जिला परिषद सदस्यों के नाम निर्देशन की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के नाम निर्देशन के लिए निर्वाचन की लोक सूचना 13 अक्टूबर, मंगलवार को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर, शनिवार को प्रातः 11 बजे से प्रारम्भ होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर, सोमवार को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त पश्चात किया जाएगा।
पंचायत समिति सदस्यों के नाम निर्देशन का कार्यक्रम
जिले में पंचायत समिति सदस्यों के नाम निर्देशन के लिए निर्वाचन की लोक सूचना द्वितीय चरण में 13 अक्टूबर को, तृतीय चरण में 19 अक्टूबर को तथा चतुर्थ चरण में 31 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि द्वितीय चरण में 16 अक्टूबर, तृतीय चरण में 23 अक्टूबर व चतुर्थ चरण में 4 नवम्बर को (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। तीनों चरणों में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रहेगा।
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा द्वितीय चरण में 17 अक्टूबर, तृतीय चरण में 24 अक्टूबर तथा चतुर्थ चरण में 5 नवम्बर को प्रातः 11 बजे की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि द्वितीय चरण में 19 अक्टूबर, तृतीय चरण में 26 अक्टूबर व चतुर्थ चरण में 6 नवम्बर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन द्वितीय चरण में 19 अक्टूबर, तृतीय चरण में 26 अक्टूबर व चतुर्थ चरण में 6 नवम्बर को किया जाएगा। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
पंच एवं सरपंच के नाम निर्देशन का कार्यक्रम
इसी प्रकार पंच एवं सरपंच पदों के नाम निर्देशन के लिए निर्वाचन की लोक सूचना द्वितीय चरण में 13 अक्टूबर, तृतीय चरण में 19 अक्टूबर तथा चतुर्थ चरण में 31 अक्टूबर को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की तिथि द्वितीय चरण में 30 अक्टूबर, तृतीय चरण में 5 नवम्बर तथा चतुर्थ चरण में 15 नवम्बर निर्धारित है। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय उसी दिन प्रातः 8 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा पूर्वाह्न 11.30 बजे से, नाम वापसी अपराह्न 2 बजे तक तथा चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन नाम वापसी का समय समाप्त होने के पश्चात किया जाएगा।
द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण में होगा मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान द्वितीय चरण में 29 अक्टूबर, तृतीय चरण में 4 नवम्बर तथा चतुर्थ चरण में 14 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।
उन्होंने बताया कि पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन द्वितीय चरण में 30 अक्टूबर, तृतीय चरण में 5 नवम्बर तथा चतुर्थ चरण में 15 नवम्बर को होगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान द्वितीय चरण में 31 अक्टूबर, तृतीय चरण में 6 नवम्बर तथा चतुर्थ चरण में 16 नवम्बर को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक करवाया जाएगा। पंच एवं सरपंच पदों की मतगणना भी संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान दिवस को ही की जाएगी। उप सरपंच का चुनाव द्वितीय चरण में 1 नवम्बर, तृतीय चरण में 7 नवम्बर तथा चतुर्थ चरण में 17 नवम्बर को होगा।
मतगणना
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना जिला मुख्यालय पर 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना समाप्ति तक की जाएगी। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर, उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवम्बर, प्रधान का चुनाव 27 नवम्बर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवम्बर 2026 को होगा।
जिले में 14 पंचायत समितियों की 433 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जालोर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ चरण में सम्पन्न करवाए जाएंगे। उपलब्ध विवरण के अनुसार जिले की 14 पंचायत समितियों में कुल 433 ग्राम पंचायतें हैं।
द्वितीय चरण में भीनमाल पंचायत समिति में 37 ग्राम पंचायतें, जसवंतपुरा में 35 ग्राम पंचायतें, सायला में 38 ग्राम पंचायतें, आहोर में 25 ग्राम पंचायतें, भाद्राजून में 24 ग्राम पंचायते, जालोर में 40 ग्राम पंचायतें, उम्मेदाबाद में 21 ग्राम पंचायते एवं, तथा तृतीय चरण में सांचौर पंचायत समिति में 28 ग्राम पंचायते, चितलवाना में 26 ग्राम पंचायते, भादरूणा में 25 ग्राम पंचायते व सरवाना में 32 ग्राम पंचायते है।
इसी प्रकार चतुर्थ चरण में रानीवाड़ा पंचायत समिति में 49 ग्राम पंचायतें, बागोड़ा में 34 ग्राम पंचायतें तथा सरनाऊ में 19 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त राजनैतिक दलों, अभ्यर्थियों, मतदाताओं, मीडिया एवं आमजन से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।