आरयूआईडीपी के पांचवें चरण में भीनमाल शहर के 20 करोड़ रुपए के कार्यों पर ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम सम्पन्न
- भीनमाल शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों व अन्य स्टेकहोल्डर्स से हुई चर्चा
जालोर . राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत भीनमाल शहर में प्रस्तावित कुल राशि 20.99 करोड़ रुपये के कार्यों को लेकर सोमवार को पंचायत समिति भीनमाल के वीसी हॉल में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स से संवाद कर परियोजना के संबंध में सुझाव एवं फीडबैक लिए गए।
कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के अधिकारियों द्वारा भीनमाल शहर में पांचवें चरण में किये जाने वाले लगभग कुल राशि 20.99 करोड़ रूपये के कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस चरण में एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन हेतु कार्य किये जायेंगे। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने आरयूआईडीपी द्वारा शहरी विकास के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों के सफल निष्पादन हेतु अपने विचार रखे।
विज्ञापन
आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियन्ता पुष्पेन्द्र सिंह ने भीनमाल में परियोजना के पांचवे चरण में किये जाने वाले कार्यों की जानकारी पीपीटी प्रजेन्टेशन के माध्यम से दी। उन्होंने कार्यक्रम के प्रतिभागियों को विभाग की ओर से आश्वस्त करते हुये कहा कि परियोजना कार्यो को गुणवत्ता के साथ निश्चित समयावधि में पूरा किया जायेगा, साथ ही वर्कशॉप में मिले सुझावों को परियोजना में शामिल किया जायेगा। इस अवसर पर कार्यशाला में एक वृतचित्र के माध्यम से आरयूआईडीपी द्वारा किये जा रहे कार्यों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में भीनमाल विधायक डॉ. समरजीत सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर पूजा सक्सेना, एवं उपखण्ड अधिकारी भीनमाल मोहित कासनियां सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, स्टेकहोल्डर्स सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।