नवनियुक्त कार्मिक सेवा भाव के साथ कार्य करें - मुख्य सचेतक
- जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का हुआ आयोजन
जालोर . राज्य सरकार के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन एव शिक्षा विभाग के तत्वाधान में रविवार को जालोर शहर स्थित जालोर क्लब में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट एवं नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों कों संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने राजकीय नौकरी के सेवा काल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी एवं सेवाभाव के साथ कार्य करें व सरकारी कार्यालय में आने वाले प्रत्येक आगुंतक की समस्या का संतुष्टपूर्ण समाधान करें। उन्होंने कहा कि युवा जीवन में सार्थक परिश्रम करते हुए अपनी अलग व उज्ज्वल पहचान बनाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में युवाओं हेतु सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर सृजित कर रही हैं, इस क्रम में मुख्यमंत्री युवा संबल योजना, स्किल इंडिया प्रोग्राम, स्टार्ट अप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम आदि संचालित हैं।
इस अवसर पर देश के गृहमंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथय में अलवर ज़िलें में आयोजित हुए राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव कार्यक्रम, विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जालोर क्लब में देखा गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) भंवरलाल परमार ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न राजकीय विभागों में नवनियुक्त कुल 82 कार्मिकों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, लेखाअधिकारी, कलेक्ट्रेट भूपेंद्र मकवाना, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) मनोहर लाल गोदारा, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक नवीन माथुर सहित विभागीय अधिकारी-कार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।