खानपुर में रोटरी क्लब ने विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री
जालोर. रोटरी क्लब जालोर के तत्त्वावधान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, खानपुर में एक सराहनीय शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भामाशाह रमेश जैन की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया, जिसमें पेन, कॉपी सहित अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री सम्मिलित थी। इस पहल से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रोटरी क्लब जालोर की अध्यक्ष विनीता ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मोहन पाराशर, कानाराम परमार एवं डॉ पवन ओझा ने विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन देते हुए जीवन में शिक्षा की भूमिका को विस्तार से समझाया। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने एवं समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने का संदेश दिया।

विज्ञापन
कार्यक्रम के समापन पर रोटरी क्लब की सचिव मंजू चौधरी ने सभी अतिथियों, भामाशाह, सहयोगकर्ताओं एवं विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नंद किशोर जैथलिया, नारायण लाल भट्ट, दीपक सुथार, नूर मोहम्मद, दिनेश सुन्देशा, शीला चौधरी, मेनका गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावक उपस्थित रहे। पीईईओ विजय भंडारी एवं संस्था प्रधान मोहनलाल ने भी इस सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल की सराहना की। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।