कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च, केंद्र सरकार एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जताया विरोध
- राजस्थान सह प्रभारी ऋत्विक मकवाना ने प्रेसवार्ता कर लगाए गम्भीर आरोप
जालोर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी जालोर की ओर से गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 को केंद्र की भाजपा सरकार एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में “विरोध मार्च” निकाला गया। विरोध मार्च जिला सह-प्रभारी दिलीप चौधरी एवं जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
जिला प्रवक्ता योगेन्द्रसिंह कुंपावत ने बताया कि विरोध मार्च के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दोपहर 3 बजे राजीव गांधी भवन जालोर में एकत्रित हुए। यहां से कांग्रेसजन हाथों में तख्तियां एवं पार्टी के झंडे लेकर केंद्र की भाजपा सरकार एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च के रूप में रवाना हुए। मार्च हॉस्पिटल चौराहा होते हुए हरिदेव जोशी सर्किल पहुंचा।
विज्ञापन
विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने एवं उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। इसके पश्चात कांग्रेसजन डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा स्थल पहुंचे, जहां भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व राज्य मंत्री पुखराज पाराशर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रही है। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को बनाए रखना लोकतंत्र के हित में आवश्यक है। इसी को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न स्थानों पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई,पूर्व जिलाध्यक्ष नैनसिंह राजपुरोहित, भंवरलाल मेघवाल,आहोर कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी, सवाराम पटेल,जिला संगठन महासचिव वीरेंद्र जोशी, उम सिंह राठौड़, लाल सिंह धानपुर, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, रमेश सोलंकी, ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, गजेंद्र सिंह डोडियाली, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कंवर, सेवादल जिलाध्यक्ष भेरूपाल सिंह,सुष्मिता गर्ग, जाकिर खान,लक्ष्मण साखला, सुरेश चौधरी, खीमांराम चौधरी, पीर सिंह मालपुरा, लक्ष्मीकांत दवे,महेन्द्र सोनगरा, सहित तमाम कांग्रेस जन उपस्थिति रहे।
प्रेसवार्ता में लगाए गम्भीर आरोप
इससे पहले कांग्रेस राजस्थान सह प्रभारी ऋत्विक मकवाना ने पत्रकारों से बातचीत में चुनाव आयोग पर गम्भीर आरोप लगाए। साथ ही कहा कि भाजपा पूरे देश में गुजरात मॉडल लागू करके देश में लीडरशिप खत्म करने की कोशिश कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के लिए ठीक नहीं है।