देबावास की लक्षिता अंग्रेजी विषय की व्याख्याता बनीं, प्रदेश में किया टॉप
- प्रारम्भिक शिक्षा गांव की स्कूल से शुरू की, पिता भी शिक्षक
जालोर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा -2024 के अंग्रेजी विषय का परिणाम मंगलवार को जारी हुआ। जिसमें जालोर जिले के देबावास गांव की लक्षिता कंवर पुत्री डूंगरसिंह बालावत ने प्रदेश में अंग्रेजी विषय में पहला स्थान पाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों समेत शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। बता दें कि आरपीएससी द्वारा 2024-2025 में स्कूल व्याख्याता(अंग्रेजी) के लिए भर्ती प्रकिया आयोजित की थी, जिसका परिणाम मंगलवार को जारी किया गया। जिसमें लक्षिता कंवर ने अंग्रेजी विषय में राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर गांव, जिले का नाम रोशन किया है।
प्रारंभिक शिक्षा गांव से शुरू की, पिता शिक्षक
लक्षिता कंवर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देबावास गांव की स्कूल से शुरू की। इसके बाद उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज की शिक्षा पाली जिले के विद्यावाड़ी संस्थान से की। वहीं पोस्ट ग्रेजुएशन(पीजी) उदयपुर से की। लक्षिता के पिता डूंगरसिंह बालावत देबावास भी शिक्षक है और वर्तमान में गांव से सात किलोमीटर दूर सराणा में वाइस प्रिंसिपल के पद पर है।

विज्ञापन
लक्षिता के पिता डूंगरसिंह ने बताया कि लक्षिता शुरू से भी पढ़ाई में काफी रुचि रखती थी और खाली समय में घर पर भी वो किताब पढ़ने में ही समय निकालती थी। इसकी रुचि को देखते हुए हमने पढ़ाई में पूरा सहयोग किया। लक्षिता अभी नेट और कॉलेज लेक्चरर की तैयारी कर रही है। एक बार लक्षिता ने आरएएस की भी परीक्षा दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उसने पढ़ना जारी रखा और हिम्मत नहीं हारी।