सभी के सकारात्मक सहयोग से ही लोक अदालत की सफलता संभव-जिला न्यायाधीश
- 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बैंक सहित अन्य अधिकारियों की बैठक आयोजित
जालोर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट की अध्यक्षता में बैंक, विभिन्न विभागों अधिकारियों व अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के सकारात्मक सहयोग से ही सफल होती है इसलिए सभी इसमें अपना सहयोग देवे। उन्होंने अधिवक्ताओं को आह्वान किया कि एनआईएक्ट से संबंधित मामलों में पक्षकारों से समझाइश कर प्रकरणों के निस्तारण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों को भी कहा कि वे एनआई एक्ट, धन वसूली आदि के मामलों में पक्षकारों को नियमानुसार रियायत प्रदान करें ताकि अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण हो सके। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी को कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर न्यायालयों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समितियों से जारी होने वाले नोटिसेज, सम्मन, वारंट आदि की शत प्रतिशत तामील करवाने के लिए संबंधित को निर्देश प्रदान करे। इसके लिए उन्होंने अलग से सेल गठित करने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
जिला न्यायाधीश ने एमएसीटी मामलों की पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं को कहा कि वे एमएसीटी के प्रकरणों में भी संबंधित को प्रेरित कर अधिक से अधिक प्रकरण निस्तारण हेतु प्रयास करें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश वीर ने सभी अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों, अन्य अधिकारियों को आह्वान किया कि वे न्यायालयों में लंबित चल रहे प्रकरणों में से अधिक से अधिक प्रकरण लोक अदालत में निस्तारित करवाए। उन्होंने बैंक सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को कहा कि बैंकों व विभागों के परिसरों में बैनर पोस्टर आदि लगाकर लोक अदालत के फायदे, बैंक की ओर से दी जाने वाली छूट का प्रचार प्रसार करें। उन्होंने प्री लिटिगेशन से संबंधित प्रकरण शीघ्र पेश करने एवं अपने स्तर पर भी पक्षकारों से वार्ता कर प्रकरणों के निस्तारण हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान एएसपी मोटाराम, एडवोकेट त्रिलोकचंद मेहता, दौलतराज बराडा, अश्विन राजपुरोहित, एसबीआई के मुकेश कुमार, जालोर नागरिक बैंक के विकास टांक, मनीष कुमार, रमेश माली, डिस्कॉम के जेएलओ रवि चंदेल, पीएचईडी के उमेदाराम, नरेंद्रसिंह आदि मौजूद रहे।