मतदान दल निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न करवाएं- पर्यवेक्षक नरेश गोयल
- उत्साह के साथ गंतव्य स्थलों के लिए रवाना हुए मतदान दल
जालोर . नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए बुधवार को होने वाले मतदान के लिए जिले की नगर परिषद, नगर पालिका सायला एवं नगर पालिका आहोर में मतदान करवाने के लिए मतदान दलों को मंगलवार को अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत रवाना किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निकाय आम चुनाव 2026 के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश कुमार गोयल एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे की उपस्थिति में मतदान दलों को ईवीएम, वीवी पैट मशीनें सहित आवश्यक सामग्री का वितरण कर गंतव्य स्थलों के लिए रवाना किया गया।
पर्यवेक्षक नरेश कुमार गोयल ने पीठासीन अधिकारियों सहित मतदान दलों, जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है, इसके सफल संपादन में मतदान दल प्रथम पंक्ति की भूमिका में है। सभी कार्मिक निष्पक्ष और पूर्णनिष्ठा के साथ निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न करवाये जाने की बात कहीं।
इसी प्रकार नगर पालिका आहोर एवं नगर पालिका सायला में भी रिटर्निंग अधिकारियों ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान संपन्न करवाने की बात कहते हुए मतदान दलों को अपने-अपने मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया।
विज्ञापन
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंद किशोर राजोरा, रिटर्निंग अधिकारी जालोर मनोज चौधरी सहित निर्वाचन से जुड़ी अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।
प्रथम चरण का मतदान बुधवार को
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत जिले में प्रथम चरण के लिये नगरपरिषद जालोर, नगरपालिका आहोर व नगर पालिका सायला में 9 सितम्बर, बुधवार को मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।