गंगानाथ महाराज का चातुर्मास बैरठ में, 1 अगस्त सुबह 8 बजे जालोर से होंगे रवाना
- भव्य शोभायात्रा के साथ होगा देवनगरी बैरठ में मंगल प्रवेश
जालोर. नाथ संप्रदाय की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा के तहत सिरे मंदिर धाम एवं श्री भेरूनाथजी अखाड़ा, जालोर के पीठाधीश्वर गंगानाथ महाराज इस वर्ष अपना पावन चातुर्मास देवनगरी बैरठ में करेंगे। शनिवार, 1 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे जालोर स्थित श्री भेरूनाथजी अखाड़ा से पीर गंगानाथ महाराज की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे, बैंड के साथ रवाना होंगे। यह चातुर्मास श्रद्धा, भक्ति, साधना और सनातन संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन माना जाता है, जिसमें प्रदेशभर से संत-महात्मा एवं हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

विज्ञापन
चातुर्मास सेवा समिति के व्यवस्थापक पारसमल परमार ने बताया कि शनिवार, 1 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे जालोर स्थित श्री भेरूनाथजी अखाड़ा से पीर गंगानाथ महाराज की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे, बैंड, ढोल-नगाड़ों, धार्मिक ध्वजों एवं जयघोष के साथ रवाना होगी। शोभायात्रा हॉस्पिटल चौराहा, सूरजपोल, थर्ड फेज एवं भागली चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर देवनगरी बैरठ पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत एवं गुरु महाराज का मंगल प्रवेश कराया जाएगा।
चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, गुरु वंदना, सत्संग, भजन-कीर्तन, प्रवचन, आरती, गुरु दर्शन तथा सनातन धर्म एवं नाथ संप्रदाय की गौरवशाली परंपराओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह चार माह का आध्यात्मिक प्रवास श्रद्धालुओं के लिए गुरु कृपा एवं धर्म लाभ प्राप्त करने का विशेष अवसर होगा।
आयोजकों ने बताया कि चातुर्मास में राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्मा, नाथ संप्रदाय के अनुयायी एवं बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चातुर्मास सेवा समिति एवं आयोजकों ने सभी नाथ संप्रदाय के श्रद्धालुओं, सनातन धर्म प्रेमियों तथा क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित शोभायात्रा और चातुर्मास कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस पुण्य-पावन सनातन परंपरा के सहभागी बनें।