अमर्यादित शब्दों पर कांग्रेस की प्रेसवार्ता, प्रवक्ता बोले- जोगेश्वर गर्ग ने जालोर के विकास के लिए कुछ किया हो तो आकर हमसे डिबेट
- भाजपा नगर मंडल की बैठक का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस ने किया गर्ग पर पलटवार
जालोर. जालोर विधायक व मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग का मंगलवार को भाजपा नगर मंडल की बैठक के दौरान आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के दौरान कांग्रेस पर कटाक्ष में किए कुछ शब्दों को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने पलटवार करते हुए जोगेश्वर गर्ग को चुनौती दी है कि वे वरिष्ठ नेता है और उन्हें ऐसी अमर्यादित भाषा नहीं बोलनी चाहिए, वे वरिष्ठ नेता है और वे ही इस तरह की भाषा बोलेंगे तो दूसरों को क्या सीख मिलेगी। बुधवार को शहर के राजीव गांधी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिला प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुम्पावत ने कहा कि जोगेश्वर गर्ग को ऐसी भाषा के लिए माफी मांगनी चाहिए, हम तो उनसे यह कहते हैं कि जालोर में आपने कितना विकास किया यह बताने के लिए चुनौती देते हैं और खुली बहस के लिए आपको आमंत्रित भी करते हैं कि आप जालोर के विकास पर खुले मंच पर आओ।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि नगर परिषद में बोर्ड भाजपा का, विधायक पिछले 35 सालों से भाजपा के है, सांसद भाजपा के फिर भी आप किस मुंह से बात कर रहे हैं, यह सब आगामी चुनाव में जनता जवाब दे देगी और आपके इस घमंड को तोड़ देगी। कांग्रेस नेत्री सरोज चौधरी ने कहा कि मेरे पैर में फेक्चर हो गया था तो क्या आप एक महिला को टारगेट करते हुए ऐसे शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं? नेता प्रतिपक्ष बसंत सुथार ने कहा कि भाजपा के सभापति रहे गोविंद टांक को ये कभी अपने मंच पर नहीं बिठा पाए, जोगेश्वर गर्ग ने खुद कहा था पांच साल पहले कि अस्पताल में वेंटिलेटर नहीं लगा तो मै आत्मदाह कर लूंगा, लेकिन आज उनकी सरकार भी आ गई है लेकिन अब तक लगा पाए। निवर्तमान पार्षद लक्ष्मण सांखला ने कहा कि 1990 के बाद जालोर में भाजपा का ही एक बार छोड़कर विधायक रहा है लेकिन आपने क्या विकास करवाया यह बताए जबकि कांग्रेस सरकार के समय किए हुए विकास के कार्यो को भी रोकने और रोड़ा अटकाने का काम कर जालोर की जनता के साथ कुठाराघात करने का काम किया है। नगर परिषद में हुए भ्रष्टाचार पर आपने कभी कोई संज्ञान नहीं लिया।