सायला सीएचसी में टीकाकरण व प्रसूताओं के रिकॉर्ड मेंटेन नहीं तथा एक्सरे सुविधा बंद होने पर एडीएम ने लगाई फटकार
- सायला सीएचसी का अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जालोर. सायला उपखंड मुख्यालय पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्रसिंह चांदावत ने आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।साथ ही मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर चांदावत ने उपखंड अधिकारी सुरजभान विश्नोई के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर पर्ची काउंटर, नि:शुल्क दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाओं की जानकारी लीं। साथ ही मौसमी बीमारियों की दवाईयों को उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।साथ ही एक्सरे रूम के निरीक्षण में मरीजों द्वारा काफी समय से एक्सरे सुविधा बंद होने पर संबंधित कार्मिक को लापरवाही बरतने पर जोरदार लताड़ लगाई। वहीं टीकाकरण कक्ष में टीकाकरण का नियमित रूप से रिकॉर्ड नहीं होने तथा प्रसूताओं का रजिस्टर में इंद्राज नहीं होने पर काफी नाराजगी जताई तथा फटकार लगाई।

विज्ञापन
निरीक्षण में साफ सफाई व्यवस्थाओं में काफी सुधार लाने के लिए डॉ भीमनाथ गोस्वामी को निर्देशित किया। उपखंड अधिकारी सुरजभान विश्नोई को माह में दो बार अस्पताल का निरीक्षण करने की बात कही। ताकि नियमित निरीक्षण से व्यवस्थाओं में सुधार होने के साथ आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलने वाली स्वास्थ्य व चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी लीं। वहीं प्रसूता कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों से चर्चा कर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रभावी ढंग से मॉनिटरिंग करते हुए आमजन को बेहतरीन सेवाओं को उपलब्ध कराने की बात कही।