उधारी नहीं चुकाने पर सांचौर विधायक ने करवाई एफआईआर, व्यवसाई का आरोप : विधायकी के बलबूते जमीन हड़पना चाह रहे सांचौर MLA जीवाराम !
जालोर. सांचौर पुलिस थाने में 29 जुलाई को सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी ने दो जनों के विरुद्ध रिपोर्ट देकर उनकी उधारी नहीं चुकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है, इधर, जिन पर आरोप लगाया है उन व्यापारी का कहना है कि सांचौर विधायक जीवाराम अपनी विधायकी के पॉवर से हमारी जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। अभी भी गैर लोगों को कब्जा करवाकर जमीन पर बिठा दिया है।
MLA जीवाराम ने रिपोर्ट ने यह लिखा
सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2018 में सुरेश पुत्र दजाराम चौधरी व दजाराम पुत्र रगाराम चौधरी जातियान कलबी, निवासीगण पादरड़ी तेतरोल, पुलिस थाना झाब, तहसील चितलवाना, जिला जालौर ने माइक्रो स्टील नाम से व्यापार करने के लिए उनसे (जीवाराम से) 01 जनवरी 2018 को 1,20,00,000/-(अक्षरों एक करोड़ बीस लाख रुपये) की राशि 1 (प्रतिशत) ब्याज की दर से एक वर्ष के लिए उधार ली थी। उक्त राशि मैंने अपनी कृषि आय एवं संचित धनराशि में से उसे विश्वासपूर्वक प्रदान की थी। लगभग एक वर्ष पश्चात जब मुझे उक्त राशि की आवश्यकता हुई तो मैंने आरोपियों से अपनी रकम ब्याज सहित वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने कहा कि उसके पास अभी राशि लौटाने की व्यवस्था नहीं है और न ही ब्याज चुकाने के लिए राशि है। उसने प्रस्ताव रखा कि उसके नाम से राजस्व ग्राम होथीगांव में अगड़ावा रोड पर स्थित लगभग 60 बीघा खातेदारी कृषि भूमि मेरे नाम बेचान कर देता हूँ। शुरू में मैंने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया, किन्तु बाद में आरोपीगण चार सम्मानित व्यक्तियों को साथ लेकर आये तथा उनके समक्ष पुनः कहा कि वे राशि लौटाने में असमर्थ है और उसके बदले उक्त भूमि का बेचान मुझ प्रार्थी के नाम से करना चाहते है।

विज्ञापन
उपस्थित गवाहों के समक्ष सहमति बनने पर आरोपी दजाराम ने एक लिखित इकरारनामा निष्पादित किया, जिस पर आरोपी एवं सभी गवाहों के हस्ताक्षर हैं। 01 जनवरी 2018 से 23 जुलाई 2026 तक आरोपीयों ने न तो मेरी रकम (मूलधनः 1,20,00,000/-ब्याज 1,23,27,600/- कुल बकया राशिः 2,43,27,600/-) वापिस दी है और न ही मेरे नाम से उक्त खातेदारी कृषि भूमि का बेचान किया है। सौदा होने के पश्चात आरोपी दजाराम को कई बार कहा गया कि वह सांचौर आकर उक्त भूमि की रजिस्ट्री मुझ प्रार्थी के नाम निष्पादित करे। आरोपी ने कुछ समय तक तो मुझ प्रार्थी को आश्वासन दिया की मैं रजिस्ट्री करवा दूंगा, लेकिन बाद में आरोपी मेरे साथ व्हॉटसएप कॉल के जरिए गाली गलोच करने लग गया एवं ऐलानियां धमकी देने लग गया कि मेरी जान पहचान बदमाशों से है मैं आपको ठिकाने लगवा दूंगा एवं कई लोगों से ऐसी जानकारी मिल रही है कि आरोपी दजाराम कह रहा है कि मैं यह जमीन किसी बदमाश को बैचान कर दूंगा।वर्तमान में आरोपी की नीयत में खोट आ गई है तथा वह जानबूझकर अपने वादे एवं लिखित इकरारनामे से मुकर रहा है। आरोपी द्वारा शुरू से ही धोखाधड़ीपूर्ण एवं बेईमानी की नीयत रखते हुए मुझ प्रार्थी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है। विधायक जीवाराम ने कार्रवाई करने की मांग की है।
व्यापारी दजाराम ने यह बताया
व्यापारी दजाराम ने डीडीटी न्यूज से कॉल पर हुई बातचीत में कहा कि मैं और जीवाराम चौधरी वर्षों से मौखिक रूप से व्यापार में सहभागी रहे हैं। वो सांचौर रहते है, काम हम देखते हैं। मेरे व्यापार मंदा होने लगा तो हमने जीवाराम को राशि देनी बंद कर दी। इस पर जीवाराम ने विधायकी का पॉवर दिखाकर हमसे जमीन हड़पने का प्लान बना दिया। मेरे बेटे के नाम से जमीन खरीदी, उस जमीन पर विधायक जीवाराम ने कब्जा करवा दिया है। विधायकी के बलबूते मुझ व्यापारी को परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। रिपोर्ट दी है तो पुलिस निष्पक्ष जांच कर लेगी।