श्री बालाजी वाटर सप्लायर्स प्लांट सीज किया, पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे
जालोर. गर्मी के मौसम में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को जालौर शहर में वाटर सप्लाई प्लांट का सघन निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई की गई।

विज्ञापन
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान के निर्देश तथा जिला कलेक्टर प्रदीप के. गांवड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशन में टीम ने भीनमाल रोड स्थित फर्म श्री बालाजी वाटर सप्लायर्स, जालौर एवं हनुमान नगर कॉलोनी स्थित राज वाटर सप्लायर्स जालौर का निरीक्षण किया।

विज्ञापन
टीम में तहसीलदार जालौर रणजीत सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हनवन्तसिंह द्वारा वाटर प्लांट की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री बालाजी वाटर सप्लायर्स में लाईसेंस रजिस्ट्रेशन नहीं पाया गया, पानी के किसी भी प्रकार की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी, फर्म मंे कार्यरत कार्मिक का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाया गया, टीडीएस मीटर की उपलब्ध्ता नहीं थी एवं विभिन्न कमियां एवं अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर सख्त कार्रवाई करते हुए भीनमाल रोड स्थित फर्म श्री बालाजी वाटर सप्लायर्स, जालौर प्लांट को मौके पर ही सीज किया गया। साथ ही उक्त दोनो फर्माे के पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लेकर प्रयोगशाला भिजवाए गए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, जल शोधन प्रक्रिया एवं मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे केवल स्वच्छ एवं प्रमाणित स्रोतों से ही पेयजल का उपयोग करें।