राजीव गांधी भवन के लोकार्पण में दो फाड़ में दिखी जालोर की कांग्रेस, कार्यक्रम से दूर रहे दोनों विधायक, वजह कुछ और भी थी, लेकिन सदन में जालोर को पहचान दिलाने वाले नेताओं के फोटो को कांग्रेस कार्यालय में नहीं मिला स्थान!

DDT Team
DDT Team Verified Media or Organization • 01 Aug, 2026 Chief Editor
Apr 15, 2025 • 8:07 PM  0
राजनीति
NEWS CARD
Logo
राजीव गांधी भवन के लोकार्पण में दो फाड़ में दिखी जालोर की कांग्रेस, कार्यक्रम से दूर रहे दोनों विधायक, वजह कुछ और भी थी, लेकिन सदन में जालोर को पहचान दिलाने वाले नेताओं के फोटो को कांग्रेस कार्यालय में नहीं मिला स्थान!
“राजीव गांधी भवन के लोकार्पण में दो फाड़ में दिखी जालोर की कांग्रेस, कार्यक्रम से दूर रहे दोनों विधायक, वजह कुछ और भी थी, लेकिन सदन में जालोर को पहचान दिलाने वाले नेताओं के फोटो को कांग्रेस कार्यालय में नहीं मिला स्थान!”
Favicon
Read more on ddthindi.com
15 Apr 2025
https://www.ddthindi.com/congress-divided-at-rajiv-gandhi-bhavan-inauguration-jalore
Copied
राजीव गांधी भवन के लोकार्पण में दो फाड़ में दिखी जालोर की कांग्रेस, कार्यक्रम से दूर रहे दोनों विधायक, वजह कुछ और भी थी, लेकिन सदन में जालोर को पहचान दिलाने वाले नेताओं के फोटो को कांग्रेस कार्यालय में नहीं मिला स्थान!

दिलीप डूडी, जालोर.  जालोर जिला मुख्यालय पर मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित पुनर्निर्मित कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन का कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के आतिथ्य में लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आमंत्रित थे, लेकिन अचानक दिल्ली काम होने के चलते वे नहीं पहुंच पाए। कार्यक्रम का आयोजन भव्य किया गया, लेकिन जिले की कांग्रेस दो फाड़ में दिखी।

जालोर जिले की पांच विधानसभा सीटों में से 2023 में भीनमाल व रानीवाड़ा सीट कांग्रेस ने जीती थी, प्रदेश की कांग्रेस जालोर पहुंच गई थी, लेकिन ये दोनों नेता भीनमाल विधायक डॉ समरजीत सिंह व रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी इस कार्यक्रम में शामिल होने नहीं पहुंचे।

इस कारण यहां जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने भी तल्ख शब्दों में सन्देश दे दिया कि कोई भी व्यक्ति स्वयं को संगठन से बड़ा नहीं समझे, डोटासरा ने कहा कि हमारे दोनों विधायक क्यों नहीं आये क्या कारण रहे, इनका भी पता लगाएंगे, लेकिन यह परंपरा ठीक नहीं है, डोटासरा ने यह भी कहा कि मैं अनुरोध करता हूँ मंच पर बैठे पदाधिकारियों, सामने बैठे कार्यकर्ताओं और नहीं आने वालों से भी कि सभी एकजुट हो जाओ तो आगामी चुनाव में पार्टी दो सौ में से डेढ़ सौ से अधिक सीट जीतेगी।

वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी कहा कि भाजपा सरकार हमारी सरकार की योजनाओं को बंद करने का काम कर रही है, जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

जिले के चर्चित नेताओं को राजीव गांधी भवन में नहीं मिला स्थान

पुनर्निर्मित राजीव गांधी भवन व सभागार शानदार तरीके से बनाये गए हैं। इनमें महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल से लेकर कांग्रेस से प्रधानमंत्री रहने वाले नेताओं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्षों, राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों, राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे नेताओं और जालोर जिले की कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे नेताओं के फोटो भी राजीव गांधी भवन में लगाए गए, ताकि नए कार्यकर्ता को भी इस बात का भान रहे कि इन नेताओं का कांग्रेस में योगदान रहा है, लेकिन इनमें जालोर जिले की विधानसभा सीट से जीतकर मंत्री स्तर के पद पर सदन में जालोर जिले की पहचान दिलाने वाले नेताओं के फोटो को इस कांग्रेस कार्यालय में स्थान नहीं दिया गया, दबी जुबान कुछ कांग्रेसी इस बारे में बोल भी रहे थे, लेकिन खुलकर बात नहीं कर पाए।

इन चार नेताओं कांग्रेस कार्यालय में तव्वजो नहीं मिली

सूरजपालसिंह- भीनमाल से विधायक रहने वाले सूरजपालसिंह कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रहे, तीन बार जीतकर विधानसभा सदन में जिले की बुलंद आवाज बने, लेकिन राजीव गांधी भवन (जालोर कांग्रेस कार्यालय) में इनकी तस्वीर को जगह नहीं मिली, जबकि इनके पुत्र वर्तमान भीनमाल विधायक की तस्वीर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नाते जरूर लगाई हुई है। 

भगराज चौधरी- रानीवाड़ा व आहोर क्षेत्र से चुनाव लड़े, कांग्रेस सरकार में वन मंत्री भी रहे, लंबे समय तक कांग्रेस को पहचान दिलाई, लेकिन इनकी तस्वीर को राजीव गांधी भवन में स्थान नहीं मिला, स्व. भगराज चौधरी के प्रशंसकों में इसको लेकर निराशा भी दिखी।

विज्ञापन

सुखराम विश्नोई - सांचौर से दो बार विधायक रहे और 2018 की कांग्रेस सरकार में राज्य मंत्री रहे सुखराम विश्नोई की तस्वीर को भी राजीव गांधी भवन में स्थान नहीं मिला। सुखराम विश्नोई ने लोकार्पण के दौरान नजरें भी खूब दौड़ाई, फ़ोटो न पाकर मन में पीड़ा भी हुई, लेकिन किसी से जाहिर करना उचित नहीं समझा।

रतन देवासी - युवावस्था से लेकर अभी तक कांग्रेस की आवाज बुलंद करने वाले रतन देवासी भी 2008 कांग्रेस की गहलोत सरकार में उप मुख्य सचेतक रहे, वर्तमान में रानीवाड़ा से विधायक भी है, लेकिन देवासी की तस्वीर को भी राजीव गांधी भवन में जगह नहीं दी गई।

इनका कहना है....

मैं विधानसभा क्षेत्र में कोई शादी समारोह में व्यस्त था, इसलिए नहीं आ पाया, मेरी पास सूचना आ गई थी, लेकिन पहुंच नहीं पाया।

- डॉ समरजीतसिंह, विधायक, भीनमाल

सूचना मुझे मिली थी, कोई कार्यक्रम में व्यस्त था, बाकी नहीं आने का कारण भी पार्टी पदाधिकारियों को उचित स्थान पर अवगत करवा दिया जाएगा।

-रतन देवासी, विधायक, रानीवाड़ा

विज्ञापन

मैंने दोनों विधायकों को आमंत्रित किया था, उनकी व्यस्तता के कारण शायद नहीं आ पायेगा। बाकी हमने कोई भेदभाव नहीं किया।

-भंवरलाल मेघवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जालोर

जनसभा को किया सम्बोधित

लोकार्पण के बाद जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन श्री मलकेश्वर मठ जालोर में आयोजित हुआ।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार के कारण हालात ख़राब बने हुए है। सरकार के मंत्री तो बस इसी से खुश है कि एक बाबू मिल गया और एक गाड़ी मिल गई। बाकि जनता की किसी को कोई परवाह ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें संगठित रहना होगा। सभी को आपसी मतभेद और मनमुटाव को दूर रखकर पार्टी के हित में काम करना होगा। तभी राज्य की निकम्मी और नाकारा सरकार को हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मेरा मोदी जी से आग्रह है कि एक मुख्यमंत्री तो पर्ची से देवदर्शन के लिए बना दिया, अब राजस्थान के विकास के लिए एक मुख्यमंत्री काम के लिए बना दो। उन्होंने मंच से साफ शब्दों में कहा कि कार्यकर्ता का अपमान स्वीकार नहीं होगा। हमें कार्यकर्ता की बात को सुनना होगा। तभी हम मजबूत बनेंगे। भाजपा तो लोगों को भ्रमित करती है, देश को धर्म के नाम पर बांटती है। हमें मिलकर काम करना होगा, तभी भाजपा की सच्चाई को जनता के सामने लाया जा सकेगा।

कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जुली ने कहा कि कांग्रेस ने आरटीई, आरटीआई, मनरेगा समेत कई योजनाओं की सौगात दी। आम जन के लिए विभिन्न पेंशन की योजना बनाई। गरीब बच्चों को फ्री शिक्षा की सौगात दी। यह है कांग्रेस। और भाजपा ने तो आपका जिला तोड़ दिया। रानीवाड़ा नगर पालिका तोड़ दी। पंचायतों को भी अपने लाभ के लिए तोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री सदन में झूठ बोल रहे है। सीएम ने एक मीटिंग में कहा है कि मनरेगा में पैसा उड़ रहा है जबकि नरेगा के पैसे नहीं आ रहे है। भाजपा सरकार ने तो काले कृषि क़ानून लाकर किसानों की बलि ली है। किसानों को बीमा राशि नहीं मिल रही है।

इधर मध्यप्रदेश से पानी को लेकर हुआ समझौता हमारे लिए कुठाराघात है। हरियाणा से पानी का समझौता राजस्थान के साथ धोखा है। भाजपा कहती थी कि हरियाणा के समान पेट्रोल डीजल के रेट करेंगे, तो अभी तक ऐसा क्यों नहीं हुआ। भाजपा सरकार तो कहती है कि इंग्लिश मीडियम स्कूल की समीक्षा करेंगे। सिर्फ समीक्षा करते रहोगे काम कब करोगे। भाजपा वाले सिर्फ रंजिश रखते है। जालोर में 20 साल से इनका सांसद है फिर भी ट्रेनों के लिए वर्षो से गुहार लगानी पड़ रही है। विपक्ष के लोगों के खिलाफ ईडी आ जाती है। राज्य में ईडी की 193 कार्यवाही हुई और चालान सिर्फ दो लोगों के खिलाफ। इससे भाजपा सरकार की डराने की पॉलिसी उजागर होती है। जालोर सिरोही सांसद प्रत्याशी वैभव गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार को 15 महीने पूरे हो गए है। लेकिन राज्य में सरकार के खिलाफ घोर निराशा का माहौल है। कोई विशेष काम नहीं हुआ है। जबकि कांग्रेस राज में जालोर को मेडिकल कॉलेज, किले पर सडक, टाउन हॉल समेत कई सौगात दी, लेकिन भाजपा सरकार ने मेडिकल कॉलेज को ही रोक दिया। जबकि काम शुरू हो गया था। कांग्रेस राज की सभी जनहित योजनाओं को सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोत ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार केवल राजनीतिक द्वेष पूर्वक पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का कार्य कर रही है।जिले जालोर में कांग्रेस शासन में ऐतिहासिक कार्य हुए लेकिन भाजपा उन कार्यो को भी रोकने का कार्य कर रही इसलिए जालौर वासियों को मजबूरन न्यायालय में पीआईएल दाखिल करने की नोबत आ रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई ने कहा कि भाजपाराज में जवाई पुनर्भरण योजना की डीपीआर अधरझूल में लटकी पड़ी है। भाजपा ने साँचोर को जिला निरस्त कर दूर दराज रहने वाले ग्रामीणों के साथ धोखा किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष जन अभियोग निराकरण समिति पुखराज पाराशर ने कहा कि राजीव गांधी भवन पुनर्निर्माण में सभी कांग्रेसजन का सहयोग रहा है हम उन सभी सहयोग कर्तागण के मान सम्मान हेतु अलग से कार्यक्रम भी करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के नवीन निर्माण हेतु पीसीसी द्वारा दिये गये टारगेट के ज्यादा ही जालोर जिला कांग्रेस सहयोग करने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि दिल्ली से एक पर्ची आई और भाजपा के राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बन गए, लेकिन उनमें प्रशासनिक एवम राजनेतिक अनुभव की कमी है। राज्य में अभी तक नरेगा का भुगतान भी समय पर नही आ रहा हैं। भाजपा के नेताओं को सिर्फ माला साफा की ही चिंता है जमीनी स्तर पर आमजन की समस्याओं से उनका कोई लेना देना नहीं।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भवरलाल मेघवाल ने कहा कि जिले के सभी नेतागण एवम कार्यकर्ता के आर्थिक सहयोग से राजीव गांधी भवन जालोर को पुनर्निर्मित किया जा सका है। यह भवन समस्त कांग्रेसजन का है जिसकी देखरेख एवम सार सम्भाल रखना हम सभी कांग्रेसजन की नैतिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम को पाली विधायक भीमराज भाटी, रमिला मेघवाल, सरोज चौधरी, युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर शूरा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पीसीसी सदस्य सवाराम पटेल ने किया।

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव मोहन डागर, जिला सह प्रभारी हरिश परिहार, नैन सिंह राजपुरोहित, उम सिंह राठौड़, लाल सिंह धानपुर, ईशराराम विश्नोई,शहजाद अली,भूराराम सीरवी,श्रवण पटेल,नत्थू खान, हिन्दू सिंह दूठवा, जुल्फिकार अली,कल्याण सिंह बोकड़ा, जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत,भोमाराम मेघवाल, वीरेंद्र जोशी,सवाई सिंह चम्पावत, गलबराम मीणा,सेवादल जिलाध्यक्ष भेरूपाल सिंह,नगराध्यक्ष मुमताज अली,लक्ष्मण सिंह सांखला, बसंत सुथार, रमेश सोलंकी,चुन्नीलाल गहलोत,खसाराम मेघवाल,अनिल पंडत,सुरेश मेघवाल, सुरेश चौधरी, ममता जेन, सुष्मिता गर्ग, शीला चौधरी, सोनाराम मेघवाल, बस्तीमल चौहान, भवर सिंह बालावत,आम सिंह परिहार, जवानाराम परिहार, पीर सिंह मालपुरा, प्रेम सिंह मीठड़ी,आसुराम देवासी,शैतान सिंह धनानी,गोपाल देवासी सुल्तान खान भाटी,रामराम चौधरी, प्रवीण विश्नोई,मांगीलाल प्रजापत,महेंद्र सोनगरा, उम्मेद सिंह चारण, सुरेश माली,सुरेश कलमाडी, अब्दुल रज्जाक,ईश्वर सिंह बालावत,सहित तमाम जिले के कांग्रेसजन उपस्थित थे।

DDT Team Verified Media or Organization • 01 Aug, 2026 Chief Editor

DDT Hindi News portal operated by DDT services, jalore

Digital Archives

Recommended Posts

home Home amp_stories Web Stories local_fire_department Trending play_circle Videos mark_email_unread Newsletter